कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए नॉमिनेशन शुक्रवार को शुरू हो गया। सबसे पहला नॉमिनेशन शशि थरूर ने भरा। इसके बाद गांधी फैमिली की पसंद मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी नॉमिनेशन फाइल कर दिया। इस दौरान कांग्रेस दफ्तर से जो तस्वीरें सामने आई, उससे खड़गे का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। खड़गे के नॉमिनेशन के समय कांग्रेस के 30 बड़े नेता मौजूद रहे, जबकि शशि थरूर अलग-थलग दिखे।
कांग्रेस में बदलाव की वकालत करने वाले जी-23 समूह के नेता आनंद शर्मा और मनीष तिवारी भी खड़गे के प्रस्तावकों में शामिल थे। इससे पहले, मनीष तिवारी ने कहा कि वह और उनके साथी आनंद शर्मा खड़गे को सपोर्ट करेंगे।
ये 30 नेता खड़गे के प्रस्तावक बने: एके एंटनी, अशोक गहलोत, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, आनंद शर्मा, अभिषेक मनु सिंघवी,अजय माकन, भूपिंदर हुड्डा, दिग्विजय सिंह, तारिक अनवर, सलमान खुर्शीद, अखिलेश प्रसाद सिंह, दीपेंदर हुड्डा, नारायण सामी, वी वथिलिंगम, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, अविशान पांडे, राजीव शुक्ला, नासिर हुसैन, मनीष तिवारी, रघुवीर सिंह मीणा, धीरज प्रसाद साहू, ताराचंद, पृथ्वीराज चौहान, कमलेश्वर पटेल, मूलचंद मीणा, डॉ. गुंजन, संजय कपूर और विनीत पुनिया।
दिग्विजय ने कहा- मैं चुनाव नहीं लड़ रहा, खड़गे का प्रस्तावक बनूंगा
दिग्विजय सिंह ने खड़गे का नाम अध्यक्ष पद के लिए सामने आने के बाद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। खड़गे से मिलने भी पहुंचे। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी बात रखी।
दिग्विजय ने कहा, “कैमरे पर बात करूंगा, भागने वाला नेता नहीं हूं। कांग्रेस के लिए काम किया है। काम करता रहूंगा। तीन बातों पर समझौता नहीं करता।
पहली बात- दलित, आदिवासी के मामलों में समझौता नहीं करता। दूसरी बात- साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वालों से समझौता नहीं करता। तीसरी बात- गांधी परिवार के साथ निष्ठा से समझौता नहीं करूंगा।
मैं कल खड़गेजी के घर गया और पूछा कि आप अगर नॉमिनेशन कर रहे हो तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। प्रेस के माध्यम से आज जानकारी मिली कि वे कैंडिडेट हैं। मैं आज फिर उनके घर गया और कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं, मैं आपके खिलाफ चुनाव लड़ने की बात सोच भी नहीं सकता। अब उनका इरादा चुनाव लड़ने का है तो मैं उनका प्रस्तावक बनना स्वीकार करता हूं।”

More Stories
कोयला लेवी स्कैम: IAS अधिकारी समीर विश्नोई की 20 करोड़ की संपत्ति जब्त, पत्नी के नाम पर किया था घोटाला!
दुर्ग में B.Ed छात्रा की हत्या: प्रेम संबंधों में तनाव से उठा खौफनाक कदम
कृषि अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, VIDEO हुआ वायरल: पुलिस ने शुरू की जांच