June 18, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

खबर देने के बाद भी डेढ़ घंटे के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, पूरा शोरूम जलकर खाक

मुंगेली. मुंगेली जिले के लोरमी में शुक्रवार देर रात महेश मोटर्स के हीरो शो रूम में भीषण आग लग गई। घटना में पूरा शो रूम धू-धूकर जल गया। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद वो डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आग फैलती चली गई। आग से 2 करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह रात साढ़े 7 बजे शो रूम संचालक ने शॉप बंद कर दी। जिसके बाद अचानक रात 10 बजे के करीब शो रूम के अंदर से आसपास के लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं। जिसके बाद इसकी जानकारी शो रूम संचालक को दी गई। आग लगने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी तुरंत सूचना दे दी थी, लेकिन डेढ़ घंटे बीत जाने के बाद भी वो नहीं आई।

इसकी वजह से आग शो रूम के एक हिस्से से फैलते हुए हरेक जगह को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान शो रूम के अंदर लगभग 40 से अधिक तेज धमाके भी हुए। लगभग डेढ घंटे के इंतजार के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने देर रात आग पर काबू पाया। बता दें कि जिस जगह पर आग लगी है, उससे महज 8 फीट की दूरी पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंकिता रवि शुक्ला का मकान है। ऐसे में समझा जा सकता है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के मकान से लगे होने के बाद भी फायर ब्रिगेड को पहुंचने में इतना वक्त लगना किस तरह की लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।

SDOP लोरमी माधुरी धिरही ने बताया कि घटना के वक्त लगभग 65 नई बाइक, 40 पुरानी बाइक और सर्विसिंग के लिए आई हुई बाइक रखी हुई थी। इसके अलावा शो रूम में मौजूद सारे पार्टस भी जलकर राख हो गए हैं। इस घटना में लगभग 2 करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अपनी नजरों के सामने शो रूम को जलता देख संचालक महेश कश्यप मौके पर ही फूट-फूटकर रोने लगे।

इधर घटना के बाद लोरमी-कवर्धा मार्ग पर लंबा जाम भी लग गया था। देर रात तक सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग खड़े रहे। फिलहाल आग की असल वजहों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।