June 18, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

अमूल गर्ल को दुनियाभर में पहचान दिलाने वाले सिल्वेस्टर दा कुन्हा का निधन

नई दिल्ली, व्यापार जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। दरअसल Amul Girl को दुनिया के सामने पेश करने वाले एड गुरू सिल्वेस्टर दा कुन्हा का मंगलवार की रात मुंबई में निधन हो गया। इस बात की जानकारी गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के एमडी जयेन मेहता ने ट्वीट कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सिल्वेस्टर दा कुन्हा ने साल 1966 में अमूल के प्रोडक्ट पर अमूल गर्ल वाला विज्ञापन पेश करने का आइडिया दिया था। उनका ये प्रपोजल कंपनी ने स्वीकार कर लिया और सफेद और लाल रंग के डॉटेड फ्रॉक में कंपनी के प्रोडक्टर पर छापा गया। फिर क्या था अमूल ने कमाल कर दिया, कंपनी को एक नई पहचान मिल गई। बता दें कि अमूल गर्ल दुनिया के सबसे लंबे समय तक चलने वाले विज्ञापन में से एक बन गया।

GCMMF के एमडी जयेन मेहता ने ट्वीट के जरिए ये जानकारी साझा की है, उन्होंने कहा कि मुंबई में दाकुन्हा कम्युनिकेशंस के अध्यक्ष सिल्वेस्टर के निधन से बहुत दुखी हैं। भारतीय विज्ञापन उद्योग के दिग्गज सिल्वेस्टर दाकुन्हा 1960 के दशक से अमूल से जुड़े थे और उन्होंने 1966 में GCMMF के स्वामित्व वाले ब्रांड Amul के लिए ‘अटरली-बटरली’ कैंपेन की कल्पना की, जिसने ‘अमूल गर्ल’ को दुनिया के सामने पेश किया जो आज भी जारी है।

Sylvester daCunha के निधन के बाद उनके परिवार में उनकी पत्नी निशा और बेटे राहुल दाकुन्हा हैं। अमूल गर्ल कैंपेन शुरू होने के करीब तीन साल बाद सिल्वेस्टर ने अपने भाई के साथ मिलकर 1969 में दाकुन्हा कम्युनिकेशंस की स्थापना की थी। इस अभियान ने 2016 में 50 वर्ष पूरे किये थे। अब ये एजेंसी उनके बेटे राहुल चलाते हैं।