August 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

आतिफ असलम के घर आई नन्ही परी, शेयर की बेटी की पहली तस्वीर

पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम और उनकी पत्नी सारा भरवाना तीसरी बार माता-पिता बन गए हैं। दो बेटों के बाद अब उनके घर नन्ही परी ने जन्म लिया है। आतिफ असलम ने सोशल मीडिया पर अपनी बच्ची की पहली झलक दिखाते हुए अपने फैंस को ये खुशखबरी दी है। हालांकि, उन्होंने तस्वीर में अपनी बेटी का चेहरा छिपा दिया है। बता दें, गायक ने अपनी बेटी का नाम हलीमा आतिफ असलम रखा है।

कैसी है पत्नी की तबीयत?
आतिफ ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। मेरे दिल की नई रानी आ गई।’ आतिफ ने कैप्शन में ये भी बताया कि अब उनकी बेटी और पत्नी की तबीयत कैसी है। गायक ने लिखा, ‘बेबी और सारा दोनों ठीक हैं, अल्हम्दुलिल्लाह। कृपया हमें अपनी दुआओं में याद रखें, हलीमा आतिफ असलम काे रमजान मुबारक।’

दस साल पहले हुई थी शादी
बता दें, आतिफ ने दस साल पहले 29 मार्च के दिन लाहौर में सारा भरवाना से निकाह किया था। हलीमा आतिफ असलम के पहले आतिफ और सारा दो बेटों – अब्दुल अहद और आर्यन असलम का स्वागत किया था। याद दिला दें, आतिफ असलम ने बॉलीवुड के कई गाने गाए हैं। उन्होंने ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ के ‘तेरे संग यारा’, ‘रेस 2’ के ‘मैं रंग शरबतों का’ सहित कई गानों को अपनी आवाज दी है।