July 27, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

अडानी टॉप-30 रईसों की लिस्ट से हुए बाहर

हिंडनबर्ग विवाद के बाद संकट में घिरे गौतम अडानी समूह के लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिसर्च रिपोर्ट जारी होने के महीनेभर में ही अडानी को तगड़ा झटका लगा है और अब वे दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में टॉप-30 से भी बाहर हो चुके हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स के अनुसार, गौतम अडानी रईसों की लिस्ट में 33वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बता दें कि एक महीने पहले तक गौतम अडानी इस लिस्ट में टॉप-3 में शामिल थे। 

इतनी रह गई अडानी की संपत्ति
फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अडानी की संपत्ति 35.3 अरब डॉलर रह गई है। वहीं, ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स की लिस्ट में गौतम अडानी 25वें नंबर से खिसक कर 30 वें नंबर पर आ गए हैं। बता दें कि हिंडबनर्ग की रिपोर्ट के बाद से उनकी कंपनियों के शेयर शेयर लगभग 82% तक टूट गए हैं। अडानी समूह के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में भारी गिरावट देखी जा रही है। महीनेभर में अडानी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 12 लाख करोड़ रुपये घट गया है। इस वजह से अमीरों की लिस्ट में वे लगातार नीचे लुढ़कते जा रहे हैं। बता दें कि 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई थी। इसमें अडानी पर अकाउंटिंग धोखाधड़ी और शेयरों में हेरफेर समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, अडानी समूह ने इन आरोपों को निराधार व गलत बताया है।