June 11, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

छत्तीसगढ़ में हीटवेव की चेतावनी: अगले 5 दिन रहें सावधान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है।विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि दोपहर में घर से न ही निकलें तो बेहतर है। क्योंकि मिनटों में सनबर्न का खतरा है। वैसे लोग बचाव के तरीके अपना रहे हैं।

प्रदेश में गर्मी अब खतरनाक स्तर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार को माना एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा।

रायपुर शहर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं दुर्ग में 44.2 और बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।