बालोद। बालोद जिले में मंगलवार दोपहर तांदुला नहर में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पिता और उनकी 12 वर्षीय बेटी तेज पानी के बहाव में बह गए। यह घटना ग्राम पीपरछेड़ी क्षेत्र की है, जहां यह हादसा करीब 12 बजे के आसपास हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी 35 वर्षीय यमन गंजीर अपनी बेटी पल्लवी को तांदुला नहर में तैरना सिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक नहर में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों पिता-पुत्री पानी की तेज धारा में बह गए। घटना के समय पास ही मौजूद एक अन्य बच्ची दामिनी भी पानी की चपेट में आ गई, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थिति को देखते हुए तांदुला और गंगरेल बांध से छोड़े जा रहे पानी के प्रवाह को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में सहायता मिल सके। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया। हालांकि, 12 वर्षीय पल्लवी की तलाश अभी भी लगातार जारी है। रेस्क्यू टीम नहर के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यमन गंजीर मूल रूप से ग्राम पीपरछेड़ी के दामाद थे और अपनी ससुराल आए हुए थे।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि यमन गंजीर बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस सेवा में EMT (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने इससे पहले पखांजूर क्षेत्र में भी एम्बुलेंस सेवा में लंबे समय तक काम किया था। बाद में नई कंपनी जीवीके के टेंडर के बाद उनका स्थानांतरण बालोद मुख्यालय किया गया था और वह पिछले एक महीने से नई जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर में पानी का बहाव अक्सर अचानक तेज हो जाता है, जिससे इस तरह के हादसे होने की आशंका बनी रहती है। प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि लापता बच्ची को जल्द ढूंढ लिया जाएगा। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है और लोग बच्ची के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

More Stories
ईडी की बड़ी छापेमारी: भारतमाला परियोजना घोटाले में 66.9 लाख रुपये नकद और 37 किलो चांदी जब्त, जांच जारी
मुंगेली जिला चिकित्सालय में 7 वर्षीय गौरव का सफल टॉन्सिल ऑपरेशन, जटिल सर्जरी से मिली राहत
सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान: जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण