इंदौर में पेट्रोल भरवाकर भाग रहे वाहन चालकों ने पंप कर्मचारी की घसीटकर की हत्या
इंदौर, मध्य प्रदेश में इंदौर के पास सांवेर शहर में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक की जान सिर्फ इसलिए चली गई, क्योंकि उसने अपना काम ईमानदारी से निभाने की कोशिश की थी। दरअसल एक वाहन चालक उस पेट्रोल पंप पर ईंधन भराने पहुंचा और करीब 4 हजार रुपए का तेल भरवाया। इसके बाद वह पैसे दिए बिना ही गाड़ी को भगाकर ले जाने लगा, इसी दौरान उस कर्मचारी ने दौड़कर उस वाहन चालक को पकड़ लिया। लेकिन तभी आरोपी ने खिड़की का कांच ऊपर चढ़ा लिया, जिससे उस युवक का हाथ भी उसी में फंस गया। इसके बाद आरोपी तेज स्पीड में गाड़ी को भगा ले गया, और वह कर्मचारी युवक भी उस गाड़ी के साथ घिसटता चला गया। करीब 300 मीटर आगे जाने के बाद जब आरोपी ने खिड़की का कांच नीचे किया तो युवक सिर के बल नीचे गिर गया, और गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।
वाहन पर ‘करणी सेना’ सेना लिखा था
पुलिस ने बताया कि यह वारदात इंदौर के करीब सांवेर में कजलाना स्थित शिवलाल पेट्रोल पंप पर बुधवार तड़के करीब 3.30 से 4 बजे के बीच हुई। मृतक पेट्रोल पंप कर्मचारी की पहचान 22 वर्षीय रोहित परमार के रूप में हुई है। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV में कैद हो गई, लेकिन फुटेज में कार का नंबर साफ नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में पुलिस फिलहाल रास्ते में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी कार चालक को तलाश रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार में चार से पांच लोग थे। साथ ही कार पर करणी सेना लिखे होने की बात भी सामने आ रही है।
4 हजार रुपए का तेल डलवाने के बाद भागे
मामले की जानकारी देते हुए सांवेर पुलिस स्टेशन के सब-डिविजनल ऑफिसर देवेंद्र सिंह धुर्वे ने PTI को बताया कि वाहन में 4,000 रुपए का पेट्रोल भरवाने के बाद ड्राइवर ने पैसे देने से मना कर दिया और गाड़ी को आगे बढ़ाने लगा। उन्होंने बताया कि जब पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित परमार ने खिड़की के अंदर हाथ डालते हुए वाहन ड्राइवर से पैसे मांगे, तो ड्राइवर ने उसका हाथ पकड़ लिया और कांच ऊपर करते हुए उसे काफी दूर तक घसीटा, जिसके बाद वाहन से गिरकर उसकी मौत हो गई।
उज्जैन की ओर जाता दिखा वाहन
पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि, ‘CCTV फुटेज में घटना के बाद कार उज्जैन की ओर जाती दिख रही है। हालांकि, फुटेज में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नहीं दिख रहा है।’ उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का मामला, लोग हुए नाराज
उस इस घटना से गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने दोषी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए बुधवार को उसी पेट्रोल पंप पर रोहित का शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मामले में पुलिस द्वारा गैर इरादतन हत्या के मामले में केस दर्ज करने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इस मामले में पुलिस को हत्या का मामला दर्ज करना चाहिए। उनका कहना है कि जिस तरह रोहित को घसीटा गया, वह स्पष्ट रूप से जानबूझकर की गई हत्या है।

More Stories
MP Cabinet: 38,555 करोड़ रुपये के विकास पैकेज के साथ व्यापारी कल्याण बोर्ड का ऐतिहासिक निर्णय
रेत के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 6 हाइवा और 3 ट्रैक्टर जब्त
गौरेला में सागौन की अवैध कटाई पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 500 से अधिक बल्लियां जब्त