April 26, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

इंदौर में प्रेमिका के घर में खूनी वारदात: चाकू से हमला, एक की मौत

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित 60 फीट रोड पर सोमवार रात दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक सनकी आशिक ने युवती के घर में घुसकर उसके परिजनों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस खूनी हमले में युवती के भाई की मौत हो गई, जबकि युवती और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार आरोपी वेदांत सोलंकी और युवती विधि लखावत के बीच दोस्ती थी। पिछले कुछ दिनों से उनके बीच झगड़ा चल रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे वंदांत विधि के घर पहुंचा। घर में घुसते ही उसने विधि उसकी मां अनीता और भाई वेदांश पर चाकू से जानलेवा वार कर दिए। हमले में वेदांश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही टीआई तरुण भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हमला करते समय परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पहले भी हो चुकी थी शिकायत, लापरवाही पड़ी भारी

चौंकाने वाली बात यह है कि 5-6 दिन पहले युवती के परिजन आरोपी की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। उस समय पुलिस ने आरोपी को समझाइश देकर छोड़ दिया था। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो यह जानलेवा घटना टल सकती थी। आरोपी वेदांत सोलंकी बिजासन रोड का निवासी है। उसके माता-पिता नहीं हैं और वह चाचा-चाची के साथ रहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।