August 16, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

खेलभावना की मैथ्यू वेड ने उड़ाई खिल्ली, फैफ डु प्लेसी को ऐसे फंसाया

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने बिग बैश लीग (बीबीएल) में पर्थ स्कॉचर्स के खिलाफ शर्मनाक हरकत की, जिसके चलते फाफ डु प्लेसी को अपना विकेट गंवाना पड़ा। होबार्ट हरिकेन्स के कप्तान वेड ने विकेट के पीछे से ऐसी हरकत की, जिसके चलते फैफ अपना फोकस गंवा बैठे और क्लीन बोल्ड हो गए। मैथ्यू वेड ने मैच के बाद कहा कि फैफ मुझे लगता है काफी गुस्सा था, मैंने पहले ही बोल्ड चिल्ला दिया था, मैं उससे माफी मांगता हूं।

होबार्ट हरिकेन्स ने 19 दिसंबर को खेले गए मैच में आठ रनों से जीत दर्ज की। वेड ने इस मैच में 29 गेंद पर 51 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। कप्तान वेड के अलावा टिम डेविड ने 28 गेंदों पर नॉटआउट 46 रन ठोके थे, जिसके दम पर होबार्ट हरिकेन्स ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में फैफ डु प्लेसी ने पर्थ स्कॉचर्स को तेज तर्रार शुरुआत दिलाई। फैफ ने 15 गेंदों पर 32 रन ठोक डाले थे और पर्थ स्कॉचर्स ने 3.5 ओवर में 44 रन बना डाले थे।

फैफ को आउट करने के लिए वेड ने जो किया, वह बिल्कुल ही खेलभावना के खिलाफ था। पैट्रिक डूले के ओवर की आखिरी गेंद थी और फैफ डु प्लेसी स्ट्राइक पर थे। वेड ने उनके बोल्ड होने से पहले ही चिल्लाया बोल्ड और फैफ अपना ध्यान खो बैठे। इस तरह से पर्थ स्कॉचर्स को पहला झटका लगा।