June 15, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

‘भारत जोड़ो’ के डेढ़ महीने में काफूर हुई तेलंगाना कांग्रेस की एकता,13 सदस्यों ने दे दिया इस्तीफा

दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और फिर से सत्ता में आने का ख्वाब देख रही कांग्रेस पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। रविवार को कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह तब खुलकर सामने आ गई जब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी से नाराज होकर पीसीसी के 13 सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। तेलंगाना में अंर्तकलह पार्टी के लिए इसलिए भी चिंता का कारण है क्योंकि मुश्किल से डेढ़ महीना पहले राहुल गांधी ने हैदराबाद में भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। इस यात्रा में वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थिति दिखाकर एकता का संदेश दिया था लेकिन, यह संदेश कुछ ही दिनों में काफूर हो गया। उधर, पीसीसी चीफ रेवंत रेड्डी इस बारे में स्टैंड लेने के बजाय हाईकमान के भरोसे बैठे हैं।

दो नवंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हैदराबाद के चार मीनार पहुंची थी। यहां राहुल गांधी के साथ खड़े होकर प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने एकता का संदेश दिया था। मुश्किल से डेढ़ महीने का वक्त बीता है और पीसीसी के 13 वरिष्ठ सदस्यों ने बगावत दिखाकर पार्टी को अलविदा कह दिया। दरअसल, तेलंगाना कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई कोई नई बात नहीं है। पीसीसी चीफ रेवंत रेड्डी के खिलाफ पहले से पार्टी के कई नेता विरोध के स्वर उठा चुके हैं। अब वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी ने गुस्से के घड़े को फोड़ दिया।