June 12, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

विराट कोहली के बाद ये खिलाड़ी होगा भारत के लिए बड़ा बल्लेबाज

नई दिल्ली. भारत के स्टार बल्लेबाजों को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान क्रीज पर समय बिताने का पूरा मौका मिला। चेतेश्वर पुजारा विशेष रूप से शानदार फॉर्म में नजर आए, जिन्होंने पहली पारी में 90 रन और दूसरी पारी में शतक जड़ा।  जनवरी 2019 के बाद से उन्होंने अपना पहला शतक बनाया। इसी मैच की दूसरी पारी में ओपनर शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा, जिसके लिए पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने उनकी तारीफ की है। 

गिल ने शुक्रवार को अपना पहला टेस्ट शतक भी बनाया। गिल ने चेतेश्वर पुजारा के साथ 113 रन की साझेदारी की, जबकि उन्होंने खुद 152 गेंदों में 110 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट से पहले वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जड़ा हुआ है। हालांकि, वह टेस्ट क्रिकेट में एक बार नर्वस नाइंटी का शिकार हो चुके हैं, जब उन्होंने जनवरी 2021 में गाबा में ऑस्ट्रेलिया पर भारत की ऐतिहासिक जीत के दौरान शतक से चूके थे। 

वसीम जाफर ने क्रिकइंफो पर कहा, “यह अच्छा है कि शतक आ गया। उन्होंने पहले कुछ मौके गंवाए, लेकिन मुझे खुशी है कि यह पीछे (शतक से वंचित रहना) छूट गया। वह एक क्लास प्लेयर हैं, मैं शायद आगे बढ़कर कहूंगा कि विराट कोहली के बाद वह भारतीय खेमे से देखने लायक बड़े बल्लेबाज हैं। वह तीनों प्रारूप के खिलाड़ी हैं और मैं शुभमन गिल से और भी कई अच्छी चीजें देखने की उम्मीद कर रहा हूं।”


वसीम जाफर ने कहा कि गिल के शतक और रोहित के दूसरे टेस्ट में वापसी की संभावना के साथ, एक मौका है कि भारत मध्य क्रम में गिल को मौका दे सकता है और एक स्पिनर कम खिला सकता है। उन्होंने कहा, “पुरानी कहावत है कि जब बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो गेंदबाज बाहर हो जाते हैं। इसलिए मैं अनुमान लगा रहा हूं कि एक गेंदबाज कम होगा और एक बल्लेबाज जोड़ा जाएगा। हम देखेंगे कि दूसरे टेस्ट में एक स्पिनर कम हो सकता है।'”

Ind vs Ban 1st Test Day 4 Match LIVE Updates

उन्होंने कहा, “वह अपनी राज्य की टीम के लिए मध्य क्रम में खेले हैं और उन्हें इसकी आदत है। सलामी बल्लेबाजों का मध्य क्रम में खिसकना कोई बड़ी बात नहीं है, क्योंकि आप स्पिन खेलने के आदी हो चुके हो। यह दूसरा तरीका है जिससे परेशानी हो सकती है, क्योंकि जब एक मध्य क्रम के खिलाड़ी को सलामी बल्लेबाज के रूप में उपयोग किया जाता है, तो वह नई पिच पर हार्ड न्यू बॉल को खेलने के लिए अभ्यस्त नहीं होता है। अगर गिल को नंबर 5 या किसी अन्य स्थान पर बल्लेबाजी करने के लिए चुना जाता है, तो मुझे लगता है कि वह वहां खेलने के लिए उपयुक्त होंगे। एक सलामी बल्लेबाज के रूप में, जब आप बड़ी पारियां खेलते हैं तो आप पुरानी गेंद और स्पिनरों को खराब पिच पर खेलते हैं। इसलिए मुझे पूरा यकीन है कि वह आसानी से इसकी आदत डाल लेंगे।”