June 12, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

भेंट-मुलाकात: मुख्यमंत्री बघेल बसना विधानसभा के ग्राम गोपालपुर पहुंचे

रायपुर,मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आज महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र के पिथौरा तहसील के गांव गोपालपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री बघेल का स्थानीय जनता ने फूल-माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने गोपालपुर में क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने आमजनता के प्रशासनिक कार्यों में तेजी और सहूलियत को देखते हुए बसना में अनुविभागीय कार्यालय प्रारंभ करने घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम लाखागढ़ से राजा सवइय्या कला तक सड़क निर्माण, बाघ नदी में एनीकट निर्माण, देवगांव जलाशय में नहर जीर्णाेद्धार एवं नहर लाईनिंग कार्य के साथ पिथौरा नगर पंचायत में गौरव पथ निर्माण और बसना में बाजार स्थल में चबूतरा शेड का निर्माण करने की घोषणा भी की। उन्होंने ग्रामीण बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा के दायरे को विस्तार देते हुए ग्राम मेमरा हाईस्कूल के हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर के भवन का उन्नयन करने और ग्राम पंचायत भोकलूडीह में नवीन प्राथमिक स्कूल भवन की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच को वन अधिकार पत्र के लिए अतिशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू,बसना विधायक श्री देवेन्द्र बहादुर सिंह, सरायपाली विधायक श्री किस्मत लाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

आमजनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं, ताकि हर वर्ग को लाभ मिलना सुनिश्चित हो। हम विधानसभा में नीति-कानून बनाते हैं, उसका क्रियान्वयन हो रहा या नहीं यह पता करने आये हैं। हम हितग्राहियों से मिलकर सुख-दुख के गोठ करते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हैं। राज्य सरकार को चार साल पूरा होने में चार दिन ही बचे हैं। इन चार साल मंें आम लोगों के हित के साथ छत्तीसगढ़ के विकास के लिए त्वरित रूप से कई निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि 17 दिसम्बर को शपथ के बाद सीधे मंत्रालय जाकर उन्होेंने किसानों की कर्ज माफी और समर्थन मूल्य में वृद्धि का निर्णय लिया। पहले ही निर्णय में 19 लाख किसानों के 9 हजार 50 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। जो वादा हमने जनता से किया, उसे पूरा करने का कार्य कर रहे हैं।