August 31, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

छत्तीसगढ़ में जोरदार बारिश: सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट, जशपुर की नदियां उफान पर, लोगों को सतर्क रहने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। राज्य के कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि बारिश के दौरान पेड़ के नीचे या खुली जगहों पर न रहें और संभव हो तो अपने घरों में ही सुरक्षित रहें।

जशपुर में 60 घंटे से लगातार बारिश, नदी-नाले उफान पर

उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में अगले 24 घंटों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है। जशपुर जिले में लगातार 60 घंटे से बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। अब तक जिले में 468.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से ईब, डोड़की, लावा, मैनी और कपरी नदियां उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुल-पुलियाओं और रपटों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन ठप हो गया है।