June 10, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का बेटा फिरोज गिरफ्तार

मेरठ. बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज याकूब को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके के एक अपार्टमेंट में फिरोज याकूब छुपा हुआ था. एसपी सिटी की स्पेशल टीम और खरखौदा पुलिस ने 8 महीने से फरार चल रहे फिरोज याकूब को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि फिरोज पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है और 25000 का इनाम घोषित किया गया था. 31 मार्च को मेरठ पुलिस ने याकूब के मीट प्लांट अल फहीम मिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में छापा मारा था. जहां पर भारी मात्रा में अवैध मीट बरामद हुआ था और अवैध रूप से मीट प्लांट का संचालन किया जा रहा था. इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और 10 लोग मौके से ही गिरफ्तार कर लिए गए. जिसके बाद याकूब परिवार फरार हो गया. इस मामले में याकूब कुरैशी उनके बेटे इमरान फिरोज और उनकी पत्नी संजीदा बेगम आरोपी बनाए गए. जिसके बाद याकूब के घर की कुर्की की गई. फैक्ट्री को सील कर दिया गया और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई.

इतना ही नहीं याकूब और उनके बेटो पर 25000 का इनाम घोषित किया गया था. मेरठ पुलिस पिछले 8 महीनों से याकूब कुरैशी और उसके परिवार की तलाश कर रही थी. लेकिन तमाम मशक्कत के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. एसपी सिटी पीयूष सिंह और उनके टीम ने फिरोज याकूब को गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके से एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है.