June 10, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

अर्जेंटीना पर जीत से सऊदी अरब में जश्न का माहौल

फुटबॉल विश्व कप में अर्जेंटीना जैसी धुरंधर टीम को हराने के बाद से सऊदी अरब में जश्न का माहौल है। यही नहीं इस फतह का जश्न मनाने के लिए सऊदी अरब में एक दिन का राष्ट्रीय अवकाश भी घोषित कर दिया गया है। सऊदी अरब के किंग सलमान ने छुट्टी का ऐलान किया है। सऊदी अरब के अंग्रेजी अखबार सऊदी गजट ने एक ट्वीट में लिखा, ‘किंग सलमान ने आदेश दिया है कि बुधवार को देश में सभी सरकारी और निजी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। इसके अलावा किसी भी लेवल पर पढ़ाई करने वालों छात्रों को भी इस दिन छुट्टी दी जाएगी। यह छुट्टी अर्जेंटीना पर फुटबॉल मैच में सऊदी अरब की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में दी जा रही है।’

सऊदी अरब ने मंगलवार को फुटबॉल विश्व कप मैच में अर्जेंटीना को 2-1 से मात दे दी थी। कतर में आयोजित विश्व कप में इस जीत को सऊदी अरब अपने लिए बड़े अवसर के तौर पर देख रहा है। इसी के चलते सऊदी अरब ने 23 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश का ऐलान कर दिया है। अर्जेंटीना के लिए यह हार ऐसे समय में आई है, जब उसकी कप्तानी भी नामी खिलाड़ी लियोनेल मेसी के हाथों में है। अर्जेंटीना की ओर से एकमात्र गोल भी लियोनेल मेसी ने ही किया था। उन्होंने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई थी, लेकिन बाद में सऊदी अरब ने दो गोल दागकर मैच पलट दिया। 

अब इस जीत का जश्न मनाने के लिए सऊदी अरब सरकार ने छुट्टी का ही ऐलान कर दिया है। सऊदी गजट की रिपोर्ट के मुताबिक क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की सलाह पर यह फैसला लिया गया है। इस जीत को लेकर पुर्तगाली लीजेंड लुइस ने कहा कि सऊदी अरब ने बहुत अच्छा खेला। उनके सभी खिलाड़ी काफी समर्पित नजर आ रहे थे। लुइस फिगो ने कहा, ‘इससे पता चलता है कि फुटबॉल कैसा खेल है। इसके रिजल्ट के बारे में कोई नहीं कह सकता। मैच की शुरुआत में यह किसी को अनुमान नहीं था कि ऐसा नतीजा हो सकता है। लेकिन अंत में सबको सरप्राइज ही मिला। हमें सऊदी अरब को शानदार खेल के लिए बधाई देनी चाहिए।’