June 11, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

श्रद्धा की शिकायत पर क्यों नहीं हुआ ऐक्शन, इसकी जांच कराएंगे

श्रद्धा वॉकर मर्डर केस में रोजाना हो रहे नए-नए खुलासों से हड़कंप मचा हुआ है। साल 2020 में लिखी गई श्रद्धा की चिट्टी को लेकर अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है। फडणवीस ने शिकायत को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि उस समय जांच क्यों नहीं हुई थी, इस पर अब जांच होगी। श्रद्धा की चिट्ठी पर उसी समय कार्रवाई होनी चाहिए थी। 

एक निजी न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा, ”श्रद्धा की साल 2020 में की गई पुलिस को शिकायत काफी गंभीर थी। उस शिकायत पर जांच क्यों नहीं की गई? यदि कार्रवाई हो गई होती तो फिर श्रद्धा वॉकर की मौत नहीं होती।” मालूम हो कि यह जानकारी सामने आई थी कि श्रद्धा ने साल 2020 में मुंबई पुलिस को एक चिट्ठी लिखी थी। इस लेटर में उसने कहा था कि आफताब वॉकर उसके टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी देता है। 

आफताब पर मारपीट का लगाया था आरोप
यह चिट्ठी श्रद्धा ने तकरीबन दो साल पहले तूलिंज पुलिस स्टेशन में भी दी थी। इसके जरिए पता चलता है कि श्रद्धा की जान को उसी समय खतरा था। चिट्ठी के जरिए श्रद्धा ने आरोप लगाया था कि आफताब उसके साथ मारपीट करता है। उसी समय श्रद्धा का मन भी आफताब के साथ रहने का नहीं था। चिट्ठी के अनुसार, श्रद्धा ने कहा था कि यदि उसे कुछ होता है, तो इसका जिम्मेदार आफताब ही होगा।  

बड़े आरी-दांत वाले चाकू का इस्तेमाल कर किए गए शव के टुकड़े
फॉरेंसिक विशेषज्ञों और वकीलों को संदेह है कि आफताब आमीन पूनावाला ने अपराध को अंजाम देने के लिए बड़े आरी-दांत वाले चाकू का इस्तेमाल किया था। ये फोरेंसिक विशेषज्ञ और वकील कई ऐसे मामलों को देख चुके हैं, जिनमें अपराध को अंजाम देने के बाद शव के कई टुकड़े कर दिए गए। पूनावाला (28) पर अपनी लिव-इन-पार्टनर श्रद्धा वॉकर (27) की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े करने का आरोप है। 

दिल्ली पुलिस को नहीं मिला हथियार
दिल्ली पुलिस अभी तक हथियार बरामद नहीं कर पाई है। हालांकि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ खबरों में अपराध में एक बड़े चाकू या आरी के इस्तेमाल का जिक्र किया गया है। पुलिस ने मामले में पूनावाला को गिरफ्तार किया है और ऐसा कहा जा रहा है कि उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उसके वकील ने इस दावे को खारिज किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहले सामने आए ऐसे मामलों में इस्तेमाल किए गए हथियार या तो बिजली के कटर या 18 से 20 इंच के आरी-दांत वाले चाकू थे। 

डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे श्रद्धा और आफताब
पूनावाला और श्रद्धा की मुलाकात एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई में एक कॉल सेंटर में साथ काम करना शुरू किया और दोनों के बीच वहीं से प्रेम संबंध शुरू हुए। अलग-अलग धर्म से नाता रखने के कारण उनके माता-पिता को उनके रिश्ते से ऐतराज़ था इसीलिए ही वे दिल्ली आ गए थे। दोनों के बीच कथित तौर पर 18 मई को शादी को लेकर बहस हुई, जिसके बढ़ने पर पूनावाला ने श्रद्धा की हत्या कर दी और उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए। पूनावाला ने दक्षिणी दिल्ली के महरौली में अपने घर पर करीब तीन सप्ताह तक इन टुकड़ों को 300 लीटर के फ्रिज में रखा। वह कई दिन तक आधी रात को उन्हें शहर भर में फेंकने के लिए जाता था।