इछावर. सीहोर के इछावर में बिजली कंपनी ने गादिया गांव में एक किसान के खेत से एक ट्रांसफार्मर और विद्युत पंप जब्त किया है। दरअसल, ट्रांसफार्मर कंपनी के अधिकारियों की बिना परमिशन के ठेकेदार द्वारा अवैध तरीके से रखना बताया जा रहा है। इसके साथ ही किसान ट्रांसफार्मर से विद्युत पंप चला रहा था। इस पर अमले ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण बनाकर मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, गांव गादिया की महिला किसान गीताबाई पति रामचरण द्वारा अपने खेत पर 25 केव्हीए का नवीन ट्रांसफार्मर रखवाने के लिए 3 नवम्बर को दीवड़िया डीसी कार्यालय में आवेदन किया था। आवेदन के साथ संबंधित बिजली ठेकेदार का सहमति पत्र भी संलग्न था। इस पर एई कैलाश चौधरी अगले दिन मौके का निरीक्षण करने महिला किसान के खेत पर पहुंचे तो वहां पर पहले से ही विद्युत ठेकेदार मुकेश कुमार मीणा निवासी बैरसिया द्वारा कृषक की भूमि पर 25 केव्हीए का ट्रांसफार्मर अवैध रूप से स्थापित करना पाया गया। इसके साथ ही उक्त ट्रांसफार्मर से आवेदिका कृषक द्वारा एक 3 हार्स पावर का मोटर पंप चलता हुआ मिला। इस पर अमले ने मौके पर पंचनामा तैयार कर ट्रांसफार्मर व पंप को जब्त कर लिया।
साथ ही आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण तैयार कर पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई। एई श्री चौधरी ने बताया कि बिजली ठेकेदार द्वारा महिला कृषक की भूमि पर अवैध तरीके से ट्रांसफार्मर रखा गया था। साथ ही इससे किसान द्वारा इससे बिजली चोरी की जा रही थी। इस पर उपकरणों को जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन भी दिया गया है।

More Stories
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई और शुभकामनाएं
36 लाख का गांजा बरामद: प्लास्टिक टबों में बनाया सीक्रेट चैंबर, तस्करी की कोशिश नाकाम
अंधेरे में 48 गांव: बिजली की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री को खून से लिखे 500 पत्र