June 11, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

आज और कल है धनतेरस का शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली. पांच दिवसीय दीपावली महापर्व की शुरुआत शनिवार को धनतेरस से हो रही है। इस वर्ष धनतेरस की खरीदारी का मुहूर्त 22 अक्तूबर की शाम से 23 अक्तूबर की शाम तक है। ऐसे में लोग दो दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी कर सकेंगे। धनतेरस पर ब्रह्म और इंद्र नामक शुभकारी योग भी बन रहा है।

वाराणसी से प्रकाशित हृषीकेश पंचांग के अनुसार, 22 अक्तूबर को द्वादशी तिथि का मान शाम 4.33 बजे तक पश्चात त्रयोदशी तिथि है। इस दिन पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र दोपहर एक बजकर 29 मिनट तक मिलेगा, तत पश्चात उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र और ब्रह्म योग शाम 5.50 बजे तक, इसके बाद ऐन्द्र (इंद्र) योग है, जो अत्यंत शुभकारी है। चंद्रमा की स्थिति सिंह राशिगत है।

पंडित शरद चन्द्र मिश्र के अनुसार प्रदोष काल में ( सूर्यास्त के समय) में त्रयोदशी होने से धनतेरस और धन्वंतरि जयंती का पर्व इसी दिन मान्य रहेगा। इस धनतेरस पर सिद्धि सर्वार्थ संयोग बन रहा है। शनिवार की रात 8.42 बजे से रविवार को दिन में 2.38 बजे तक यह योग बन रहा है। आमतौर पर लोगों का मानना होता है कि शनिवार को लोहे का सामान, बर्तन आदि सामान नहीं खरीदना चाहिए। हालांकि धनतेरस के दिन पूरा दिन अभूतपूर्व मुहूर्त रहता है लेकिन जो लोग शनिवार की वजह से बर्तन आदि नहीं खरीदना चाहते वह रविवार को भी खरीदारी कर सकते हैं। 22 अक्टूबर के सायंकाल 4.33 बजे से कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी का मान 23 अक्टूबर के सायंकाल 5.04 बजे तक है।