June 18, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी गर्भवती महिला की मौत, 35 से अधिक घायल

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से बड़ी खबर आ रही है। आज सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे 35 से 40 मजदूर घायल हो गए। हादसे में एक गर्भवती महिला मजदूर की मौत हो गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार हरदी निवासी एक किसान अपनी खेत की रोपाई कराने के लिए पास के गांव सरवानी से मजदूरों को बुलाया था। सुबह करीब 50 मजदूर ट्रैक्टर में धान की रोपाई के लिए थरहा लेकर निकले थे। सभी ट्रैक्टर में सवार थे।

घायल मजदूरों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया।

बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में मजदूरों की संख्या अधिक थी। बारिश के चलते सड़क किनारे गड्‌ढे और कीचड़ में वाहन का बैलेंस बिगड़ गया और पलट गया, जिसके बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 से 40 मजदूर घायल हो गए। उन्होंने प्राथमिक और बिल्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं, करीब दर्जन भर मजदूरों को सिम्स में भर्ती कराया गया है।

ट्रैक्टर पलटने के बाद मजदूरों में अफरातफरी मच गई।

गर्भवती महिला मजदूर की मौत
ट्रैक्टर में पुरुष और महिला मजदूर सवार थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। सरवानी की रहने वाली लक्ष्मी बाई केंवट (22) पति राजेंद्र केंवट को गंभीर हालत में सिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीन बाई गर्भवती भी थी।

देर से पहुंची पुलिस तो भड़का आक्रोश, हंगामा
इस हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। खबर मिलने के बाद भी पुलिस काफी देर से घटनास्थल पहुंची, तब तक ज्यादातर घायलों को बिल्हा अस्पताल भेज दिया गया था। पुलिस के नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाइश देने की कोशिश करती रही।

गुस्साए लोगों के साथ AAP ने किया चक्काजाम
इस हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया, जिसके बाद भड़के लोगों ने चक्काजाम कर दिया। नाराज लोग मृतक और घायलों के परिवारवालों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के नेता जसबीर सिंह, प्रियंका शुक्ला, राज़िक अली, खगेश सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल जाकर भी घायलों से मुलाकात की। मौके पर अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।