April 15, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

क्षेत्र के दलित – आदिवासियों और मजदूर, किसानों की मुद्दों की गूंज विधानसभा में…

विधायक चातुरी नंद ने विभिन्न मुद्दों पर पूछे सवाल

सरायपाली // नारायण सान :

क्षेत्र के अजा अजजा वर्ग के लोगों, मजदूरों और किसानों समेत सरायपाली अंचल के विभिन्न मुद्दों को विधायक चातुरी नंद ने दमदारी के साथ विधानसभा में उठाया।

विधायक चातुरी नंद ने अजा अजजा वर्ग के पीड़ितों को मिलने वाली पीड़ित क्षतिपूर्ति की जानकारी तारांकित सवाल के माध्यम से आदिम जाति कल्याण मंत्री से ली। उन्होंने पूरक प्रश्न के माध्यम से पीड़ित क्षतिपूर्ति की राशि लंबे समय से पेंडिंग होने की बात कहते हुए यथाशीघ्र राशि भुगतान करने की मांग की, जिस पर मंत्री ने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया।

इसी तरह श्रम विभाग के अंतर्गत श्रमिकों को मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी, अंचल में संचालित छात्रावास केंद्रो में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी, वनाधिकार पट्टा प्राप्त हितग्राहियों की जानकारी ली।

विधायक नंद ने क्षेत्र के भवन विहिन/जर्जर स्कूलों की जानकारी शिक्षा मंत्री से ली, विधायक के सवाल के जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने लिखित में जानकारी देते हुए बताया कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में 347 प्राथमिक शाला, 122 पूर्व माध्यमिक शाला, 16 हाई स्कूल और 33 हायर सेकंडरी स्कूल संचालित है जिनमें से 2 प्राथमिक शाला, 3 हाई स्कूल और 1 हायर सेकेंडरी स्कूल भवन विहिन तथा 29 प्राथमिक शाला, 13 मिडिल, 2 हाई और 1 हायर सेकेण्डरी स्कूल जर्जर है। साथ ही 74 प्रायमरी, 13 मिडिल, 5 हाई और 6 हायर सेकंडरी स्कूल अहाता विहीन है।

बता दें कि सरायपाली विधायक चातुरी नंद बेबाक तरीके से विधानसभा में क्षेत्र और प्रदेश स्तर के मुद्दे उठा रही और तथ्यों के साथ मंत्रियों से सवाल कर रही है। विगत दिनों पुलिस कर्मियों के वेतन भत्तों से संबंधित एक सवाल पर सदन में लंबे समय तक विधायक नंद ने गृह मंत्री विजय शर्मा को घेरा। तथ्य पूरक सवालों और बेबाक अंदाज की सराहना विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने स्वयं करते हुए नए विधायकों को उनसे सीखने की बात कही थी।